G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सरगुजा पर्यटन को नई उड़ान देने की पहल, फेम ट्रिप से पहले टूर ऑपरेटर्स ने अम्बिकापुर की होटल सुविधाओं का लिया अनुभव

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पहल से पर्यटन उद्योग को मिलेगा नया आयाम, सरगुजा की पर्यटन संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

रायपुर, 16 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए फेम ट्रिप से एक दिन पहले अम्बिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशभर से आमंत्रित टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स को सरगुजा में उपलब्ध आधुनिक आवासीय सुविधाओं, उत्कृष्ट आतिथ्य और पर्यटन अधोसंरचना से परिचित कराना था, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक पर्यटकों को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया जा सके।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न राज्यों से पहुंचे टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स का अम्बिकापुर स्थित होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक तिलक एवं स्वागत पेय के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, उत्कृष्ट भोजन सुविधाओं, बैंक्वेट हॉल तथा अन्य अतिथि सेवाओं का विस्तृत अवलोकन कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपने आतिथ्य और सेवा के माध्यम से सरगुजा की समृद्ध मेहमाननवाजी की परंपरा से अतिथियों को परिचित कराया।

दोपहर के भोजन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अम्बिकापुर के प्रतिष्ठित होटल माखन विहार का भी भ्रमण किया। यहां होटल प्रबंधन ने आधुनिक आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता, अतिथि सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। टूर ऑपरेटर्स ने होटल की गुणवत्ता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।

होटल भ्रमण के पश्चात आयोजित हाई-टी के दौरान सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। टूर ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए और स्थानीय पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि सरगुजा संभाग प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं का अद्भुत संगम है तथा यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। उनका मानना है कि इस प्रकार के परिचयात्मक भ्रमण से सरगुजा की पहचान देशभर में और मजबूत होगी तथा भविष्य में अधिक से अधिक देशी और विदेशी पर्यटक इस क्षेत्र की यात्रा के लिए प्रेरित होंगे।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल सरगुजा को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ऐसे कार्यक्रम न केवल पर्यटन उद्योग को नई गति देंगे, बल्कि स्थानीय होटल व्यवसाय, रोजगार के अवसरों और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page