G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

‘छू लो आसमान’ के मेधावी विद्यार्थियों का वन मंत्री केदार कश्यप ने किया सम्मान

‘छू लो आसमान’ के मेधावी विद्यार्थियों का वन मंत्री केदार कश्यप ने किया सम्मान

नीट में सफल छात्रों को टैबलेट भेंट कर बढ़ाया उत्साह, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

रायपुर, 26 जुलाई 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को कारली स्थित ‘छू लो आसमान’ आवासीय शैक्षणिक संस्थान पहुंचकर नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुलदस्ता, पुष्पमाला और टैबलेट भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उच्च शिक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और शासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने संस्थान में अध्ययनरत कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से नीट में सफल छात्रों से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा एवं मेहनत से अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

‘छू लो आसमान’ योजना से मिल रही नई उड़ान

दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए शुरू की गई ‘छू लो आसमान’ पहल उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय सुविधा और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। कारली संस्थान के विद्यार्थियों की नीट में सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग से ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, यशवंत जैन, टेकेश्वर जैन, संतोष गुप्ता, दीपेश अरोरा, मुकेश शर्मा, सत्यजीत चौहान, जय भंसाली एवं कुलदीप ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डीएफओ कृष्ण रंगनाथा वाई, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, डीएमसी हरीश गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page