G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

जैगूर में गूंजा ‘मन की बात’ का संदेश, प्रधानमंत्री को सुनने उमड़ा जनसैलाब

जैगूर में गूंजा ‘मन की बात’ का संदेश, प्रधानमंत्री को सुनने उमड़ा जनसैलाब

वन मंत्री केदार कश्यप ने बांटे वनाधिकार पत्र, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का किया शुभारंभ

रायपुर, 26 जुलाई 2026। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के संदेशों को सुना। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी और विकास का उत्साह देखने को मिला।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया तथा युवाओं से नवाचार और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

वनाधिकार पत्र से मिला भूमि पर वैधानिक अधिकार

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री के संदेशों को राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उन्होंने छह हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित किए, जिससे उन्हें अपनी भूमि पर वैधानिक अधिकार प्राप्त हुआ। साथ ही नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ

मंत्री श्री कश्यप ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ करते हुए ग्रामीणों को तिरंगा भेंट किया और सभी नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

प्रधानमंत्री के आह्वान पर मंत्री श्री कश्यप ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर सहित जिला एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण, कलेक्टर विश्वदीप, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनभागीदारी, राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page