रायपुर के सभी 70 वार्डों में मिलेगा निःशुल्क पौधा, ‘नेचर्स एटीएम’ अभियान की शुरुआत

रायपुर के सभी 70 वार्डों में मिलेगा निःशुल्क पौधा, ‘नेचर्स एटीएम’ अभियान की शुरुआत
वन मंत्री केदार कश्यप ने दिखाई हरी झंडी, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला नया विस्तार

रायपुर, 29 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना ‘हरियर छत्तीसगढ़’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।
हर वार्ड तक पहुंचेगा चलित पौधा वितरण वाहन
वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से ‘नेचर्स एटीएम’ चलित वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा संचालित यह वाहन शहर के सभी 70 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा। अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

फलदार, छायादार और ऑक्सीजन देने वाले पौधे होंगे उपलब्ध
‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से फलदार, छायादार तथा अधिक ऑक्सीजन देने वाली विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। वन विभाग का उद्देश्य केवल पौधारोपण कराना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करना है।
हरित और स्वच्छ रायपुर बनाने की पहल
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृसम्मान और प्रकृति संरक्षण दोनों का प्रतीक है। ‘नेचर्स एटीएम’ जैसी पहल से हरियाली आमजन तक पहुंचेगी और रायपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
अभियान से जुड़ने की अपील
कार्यक्रम में वन विभाग और रायपुर वनमंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘नेचर्स एटीएम’ से निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।


