G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdham

सिंगारपुर स्कूल का जर्जर किचन भवन बना हादसे का इंतजार, बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

सहसपुर लोहारा /कबीरधाम। जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के ग्राम पंचायत सिंगारपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल (संकुल देहानडीह) का किचन भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, छत कमजोर हो गई है और कई स्थानों से प्लास्टर झड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइयों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर चिंता जताई है। इसी किचन भवन में प्रतिदिन बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जाता है, लेकिन भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इसके भीतर काम करना जोखिम भरा हो गया है।

बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। भवन की छत से पानी रिसने के कारण इसकी मजबूती लगातार कमजोर पड़ रही है। इसके बावजूद अब तक न तो भवन की मरम्मत कराई गई है और न ही नए किचन भवन के निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल की गई है।

ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों की आवाजाही रहती है। किचन भवन के आसपास ही भोजन तैयार किया जाता है। ऐसे में यदि भवन अचानक गिर जाता है तो बच्चों, रसोइयों और स्कूल स्टाफ के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

स्थानीय नागरिकों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जर्जर किचन भवन को तत्काल उपयोग से बाहर किया जाए तथा विद्यालय में नए और सुरक्षित किचन भवन के निर्माण की शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि मध्याह्न भोजन व्यवस्था सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल निर्णय लिया जाना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page