G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

केंद्र के तीन बड़े फैसलों से छत्तीसगढ़ को मिलेगी विकास की नई रफ्तार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

https://x.com/i/status/2077428234577481917

रायपुर, 15 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 (NIPU-2026) तथा मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इन तीनों फैसलों से देश में औद्योगिक विकास, कृषि सुरक्षा, तकनीकी आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और अत्याधुनिक विनिर्माण के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। केंद्र सरकार की ये योजनाएं देश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति को और सुदृढ़ करेंगी।

उन्होंने कहा कि 1.27 लाख करोड़ रुपये की सेमिकॉन 2.0 योजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करेगी। इससे भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में सक्षम होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी नई औद्योगिक नीति, बेहतर अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल माहौल और कौशल विकास के माध्यम से हाई-टेक उद्योगों के लिए तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। इस राष्ट्रीय पहल से राज्य में बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 किसानों के लिए समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। इससे छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार काम कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि 62,500 करोड़ रुपये की मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे भारतीय कंपनियों, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार तथा स्थानीय विनिर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और उभरते तकनीकी क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐसे दूरदर्शी निर्णय विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि नवाचार, निवेश, तकनीकी आत्मनिर्भरता, आधुनिक विनिर्माण और कृषि सशक्तिकरण पर आधारित यह विकास मॉडल आने वाले वर्षों में देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page