ChhattisgarhINDIAखास-खबर

जिले के बच्चों में न्यूमोनिया रोकथाम हेतु सांस अभियान का हुआ शुभारंभ

AP News आपकी आवाज VISHWARAJ TAMRAKAR DISTRICT BYURO CHIEF KCG

15 नवंबर से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा व्यापक अभियान

खैरागढ़, 19 नवंबर 2024//

जनजाति गौरव दिवस—2024 के अवसर पर राजा फतेह सिंह खेल मैदान खैरागढ़ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिला स्तरीय ‘सांस’ अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान कलेक्टर  चंद्रकांत वर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की और इस अभियान की आवश्यकता व महत्व को साझा किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सांस अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार की गई पैंफलेट, पोस्टर, और अन्य सामग्री का विमोचन भी किया। यह सामग्री आम जनता को न्यूमोनिया से बचाव, रोकथाम, और उपचार के उपायों के प्रति जागरूक करने में सहायक होगी। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार न्यूमोनिया, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। इसे रोकने और बच्चों के स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है। यह पहल जागरूकता, रोकथाम, और समय पर उपचार की दिशा में काम करती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आशीष शर्मा ने बताया कि “न्यूमोनिया से बचाव और समय पर इलाज के लिए समुदाय में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। सांस अभियान, बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, बच्चों के अभिभावकों और स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं आदि के बीच जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है।”

अभियान के तहत आयोजित होगी विभिन्न गतिविधियां

जिले में सांस अभियान में जागरूकता गतिविधियों के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों/ स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवसों एवं परिवार भ्रमण के माध्यम से न्यूमोनिया की पहचान और बचाव के उपायों पर जानकारी दी जाएगी। वही मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, स्टाफ नर्सों,चिकित्सा अधिकारियों, को बीमारी की पहचान और उपचार के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा और छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। इसी तरह विभिन्न विभागों, पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों का सहयोग से समुदाय में जागरूकता की जाएगी।

28 फरवरी तक चलेगा अभियान

यह अभियान 15 नवंबर से 28 फरवरी तक चलाया जाएगा। जिसका लक्ष्य 5 वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना। प्रचार सामग्री में न्यूमोनिया के लक्षण, बचाव के उपाय और उपचार की जानकारी दी जा रही है। वही नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और पोषण के महत्व पर प्रकाश, स्वास्थ्यकर्मी और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र की संपर्क जानकारी। बताया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन खैरागढ़- छुईखदान-गंडई के सभी सहयोगी विभागों एवं सहयोगी संगठनों की संयुक्त पहल से सांस अभियान न्यूमोनिया के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page