अमलीपदर की रथयात्रा छत्तीसगढ़ की आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रथयात्रा महापर्व में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना की, बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और लोकआस्था की अमूल्य धरोहर है। भगवान जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
सितंबर तक बढ़ी बिजली बिल समाधान योजना
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन माह बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दिया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।
महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि अंतरित की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत आधारशिला है।
42 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चौबीसों घंटे कार्य कर रही है। शासन को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है और वे स्वयं प्रतिदिन उनकी समीक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जो सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बाल्टीजोर नाले पर बनेगा पुल
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
बच्चों से की आत्मीय मुलाकात
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा उनके आग्रह पर बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज और स्नेहपूर्ण व्यवहार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
श्रद्धालुओं से सराबोर रहा अमलीपदर
रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और जयघोषों के बीच पूरा अमलीपदर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
