श्रावण महोत्सव की तैयारियां तेज, 3 अगस्त को बूढ़ा महादेव से भोरमदेव तक निकलेगी भव्य पदयात्रा

श्रावण माह को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने जिला प्रशासन सक्रिय, जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध नागरिकों से भी लिए जाएंगे सुझाव
कवर्धा, 15 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं धार्मिक धरोहर बाबा भोरमदेव मंदिर में इस वर्ष भी श्रावण मास के दौरान भव्य श्रावण महोत्सव एवं मेले का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर पूरे श्रावण माह को धार्मिक, सांस्कृतिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा तय की।
कलेक्टर ने बताया कि श्रावण महोत्सव को और अधिक भव्य एवं जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए आगामी दिनों में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ अलग से बैठक आयोजित कर सुझाव लिए जाएंगे, ताकि आयोजन को और अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
3 अगस्त को निकलेगी भव्य पदयात्रा
बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 अगस्त को श्रावण माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव मंदिर तक भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कांवड़ यात्री एवं जिलेवासी शामिल होंगे। पूरे श्रावण माह में मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि बाबा भोरमदेव केवल कबीरधाम ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रावण माह में यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि श्रावण महोत्सव को जनभागीदारी के साथ भव्य स्वरूप दिया जाएगा। नगर पालिका द्वारा स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों की साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में इन व्यवस्थाओं पर बनी सहमति
बैठक में मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रमुख निर्णयों में—
- मंदिर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा।
- प्रत्येक सोमवार विशेष पुष्प सज्जा की जाएगी।
- मंदिर परिसर में वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएंगे।
- कांवड़ यात्रियों के ठहरने के लिए धर्मशाला, कांवड़िया भवन एवं पंचायत भवन की व्यवस्था की जाएगी।
- प्रवेश एवं निकासी मार्गों को सुव्यवस्थित किया जाएगा।
- शौचालयों की मरम्मत एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित होगी।
- सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
- पूरे श्रावण माह अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
- पदयात्रा एवं महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बुकलेट, फोटो सामग्री, स्वागत द्वार और जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, नरेंद्र मानिकपुरी, अमर कुर्रे, रवि राजपूत, लोकचंद साहू, विजय पाटिल, एसडीएम सागर सिंह राज, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित भोरमदेव सनातन तीर्थ ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



