G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

बलौदाबाजार में आधुनिक खेती की नई शुरुआत: सहकारी समितियों के जरिए किसानों को मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर की सुविधा

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया योजना का शुभारंभ, 5 समितियों में 11 ड्रोन तैनात

रायपुर, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में कृषि के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की पांच प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में ड्रोन स्प्रेयर सेवा की शुरुआत की गई। नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने पूजा-अर्चना के साथ इस योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन के माध्यम से उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव का सफल प्रदर्शन भी किया।

50 हजार एकड़ में ड्रोन छिड़काव का लक्ष्य

सहकारिता विभाग ने वर्ष 2026-27 में ड्रोन के माध्यम से लगभग 50 हजार एकड़ कृषि भूमि में छिड़काव का लक्ष्य निर्धारित किया है। फिलहाल बलौदाबाजार, कसडोल, बया, गिर्रा (पलारी) और दामाखेड़ा (सिमगा) की सहकारी समितियों में कुल 11 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं।

किसानों को ड्रोन सेवा लेने के लिए अपनी संबंधित समिति में जाकर खेत का रकबा और छिड़काव की तिथि दर्ज करानी होगी। तय समय पर ड्रोन पायलट मशीन के साथ खेत पहुंचकर छिड़काव करेगा। किसान को केवल उर्वरक या कीटनाशक उपलब्ध कराना होगा तथा प्रति एकड़ निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा।

समय, लागत और श्रम की होगी बचत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ड्रोन तकनीक से कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक छिड़काव संभव होगा। इससे रसायनों का संतुलित उपयोग होगा, किसानों की लागत और श्रम में कमी आएगी तथा फसलों को नुकसान भी कम होगा। उन्होंने कहा कि ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं और युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध करा रही है।

जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

मंत्री ने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और बेहतर गुणवत्ता वाला उत्पादन प्राप्त होता है।

समितियां बनीं मिनी बैंक

कार्यक्रम में कलेक्टर ने बताया कि जिले की सभी सहकारी समितियां अब पूरी तरह कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं। ये समितियां अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) और मिनी बैंक के रूप में भी कार्य कर रही हैं। माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को छोटी राशि निकालने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उत्कृष्ट कर्मचारियों और किसानों का सम्मान

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 17 समिति प्रबंधकों और ई-पैक्स (e-PACS) में सराहनीय कार्य करने वाले 10 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 9 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के चेक तथा 2 किसानों को लर्निंग लाइसेंस भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page