G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
Baloda BazarChhattisgarhINDIAखास-खबर

अवैध वसूली और शराब बिक्री के विरोध में विधायक संदीप साहू का थाना गेट पर धरना

कसडोल पुलिस को 7 दिन का अल्टीमेटम, बोले- सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ करेंगे बड़ा आंदोलन

संवाददाता श्रवण कुमार ध्रुव
बलौदाबाजार/कसडोल। क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा कथित अवैध वसूली और अवैध शराब बिक्री के विरोध में कसडोल विधायक संदीप साहू बुधवार को कसडोल थाना के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। विधायक ने पुलिस प्रशासन को 7 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विधायक संदीप साहू ने आरोप लगाया कि कसडोल क्षेत्र में यातायात पुलिस द्वारा किसानों और आम नागरिकों से लगातार अवैध वसूली की जा रही है, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों और आम लोगों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। पुलिस को अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में आम जनता परेशान हो रही है।

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा

धरने की सूचना मिलते ही कसडोल एसडीओपी के.के. वासनिक और थाना प्रभारी टीआई मिंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक से चर्चा कर समस्याओं के समाधान और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस दौरान विधायक संदीप साहू ने कहा कि पुलिस प्रशासन को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 7 दिन के भीतर यातायात अवैध वसूली और अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

रेत परिवहन और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए

विधायक ने क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन, अवैध शराब, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे मामलों में वृद्धि का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर अंकुश लगाना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page