टैरिफ-बिलिंग की जानकारी देकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

अकलतरा। शासकीय आईटीआई कॉलेज अकलतरा में सोमवार को दूरसंचार एवं प्रसारण क्षेत्र में टैरिफ एवं बिलिंग विषय पर उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को टैरिफ, बिलिंग, रिचार्ज प्लान, सेवा शुल्क, उपभोक्ता अधिकार और शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता डॉ. नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की बेहतर तरीके से रक्षा कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल सेवाओं और टैरिफ प्लान की शर्तों को समझकर सेवा का उपयोग करने तथा किसी भी तरह की अनियमितता होने पर उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
वक्ता मीनाक्षी गौतम ने दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं से जुड़े उपभोक्ता अधिकारों और सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक व्यक्ति को दूरसंचार सेवाओं से जुड़े नियमों और अपने अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि TRAI उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए टैरिफ प्रकाशन संबंधी दिशा-निर्देश जारी करता है।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक सी.एल. गोंड, महीप उपाध्याय, नरेंद्र कुमार पटेल, कंस राम कश्यप, उमाशंकर एवं शर्मिष्ठा सिंह हाड़ा सहित शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में विद्यार्थियों ने दूरसंचार सेवाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका वक्ताओं ने समाधान बताया।
