मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की तैयारियों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर की तैयारियों पर हुई चर्चा
एमएसएमई क्षेत्र को मिलेगा नया संबल, निवेश और रोजगार के अवसरों को मिलेगी गति : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 22 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 18, 19 एवं 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय औद्योगिक समागम का आयोजन छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की संभावनाओं को विस्तार देगा और प्रदेश को नई पहचान दिलाएगा।
देशभर के उद्यमियों को मिलेगा साझा मंच
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश का प्रमुख संगठन है, जो सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने तथा उद्यमियों के बीच व्यवसायिक सहयोग (B2B) को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।
रायपुर में आयोजित होने वाला 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा। इसमें आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार से जुड़े अवसरों पर चर्चा होगी।
एमएसएमई को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और प्रदेश को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने और व्यापार विस्तार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे और प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



