खूटाघाट बांध के गेट 25 अप्रैल से खुलेंगे, ग्रामीणों को मिलेगी राहत।

खूटाघाट बांध के गेट 25 अप्रैल से खुलेंगे, ग्रामीणों को मिलेगी राहत।

मस्तूरी। भीषण गर्मी के कारण मस्तूरी क्षेत्र के गांवों में तालाब सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। जल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। खूटाघाट बांध के गेट 25 अप्रैल से खोलने के आदेश जारी किए गए हैं, जिससे निस्तारी के लिए तालाबों में पानी भरा जा सकेगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत के नेतृत्व में मस्तूरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिलासपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खारंग जलाशय से पानी छोड़ने की मांग की थी। ग्रामीणों की इस मांग को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर सिंचाई विभाग द्वारा अब बांध के गेट खोलने का आदेश जारी किया गया है।

सिंचाई विभाग के अनुसार 25 अप्रैल को सुबह लगभग 11 बजे से खूटाघाट बांध के गेट खोले जाएंगे। बांध से निकलने वाली दोनों नहरों के माध्यम से करीब 150 से अधिक तालाबों में जलभराव किया जाएगा, जिससे गांवों में निस्तारी जल की समस्या काफी हद तक दूर होगी।
वर्तमान में खारंग जलाशय में लगभग 84 प्रतिशत जलभराव उपलब्ध है, जो स्थिति को संतोषजनक दर्शाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पानी छोड़ने का निर्णय लिया है।ग्रामीणों का कहना है कि समय पर तालाबों में पानी भरने से न केवल पेयजल संकट से राहत मिलेगी, बल्कि पशुओं और दैनिक उपयोग के लिए भी सुविधा होगी।
वही इस मामले में पीएस श्रीवास्तव, एसडीओ, खारंग डिवीजन ने बताया कि बिलासपुर कलेक्टर के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है और जरूरत के अनुसार आगे भी पानी छोड़ा जाएगा।



