G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
Baloda BazarChhattisgarhINDIAखास-खबर

नवपदस्थ एसपी से मिले पत्रकार, सुरक्षा, ओवरलोडिंग और पुलिस व्यवहार के मुद्दे उठाए

संवाददाता श्रवण कुमार ध्रुव

बलौदा बाजार। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय से जिले के पत्रकारों ने पहली औपचारिक मुलाकात कर पत्रकार सुरक्षा, पुलिस के व्यवहार, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई और औद्योगिक इकाइयों में समाचार संकलन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान पत्रकारों ने विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में कसडोल थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ हुई मारपीट की घटना प्रमुखता से उठाई गई। पत्रकारों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पुलिस द्वारा पत्रकारों के साथ किए जाने वाले दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
पत्रकारों ने जिले में ओवरलोड वाहनों की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि भारी वाहनों की लगातार ओवरलोडिंग से सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यातायात पुलिस की कार्रवाई अधिकतर दोपहिया वाहन चालकों तक सीमित रहती है, जबकि ओवरलोडिंग करने वाले भारी वाहनों पर अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई देती।
बैठक में जिले के कुछ सीमेंट संयंत्रों के रवैये पर भी चिंता व्यक्त की गई। पत्रकारों ने बताया कि किसी दुर्घटना या अन्य घटना की सूचना मिलने पर संयंत्र प्रबंधन मीडिया को परिसर में प्रवेश नहीं करने देता और समाचार कवरेज में भी सहयोग नहीं करता, जिससे तथ्यात्मक जानकारी एकत्र करने में कठिनाई होती है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने पत्रकारों की सभी बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मुद्दे पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग का भी आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page