G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने एडीएम विनय पोयाम को स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं

जांजगीर-चांपा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर पदस्थापना, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जांजगीर-चांपा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर स्थानांतरण होने पर एडीएम विनय कुमार पोयाम को आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में विदाई दी गई। कलेक्टर ने श्री पोयाम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि विनय पोयाम ने कबीरधाम जिले में अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का जिम्मेदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली, समन्वय क्षमता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण ने जिले के प्रशासनिक कार्यों को नई गति प्रदान की। हमें विश्वास है कि वे अपनी नई जिम्मेदारी में भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा ने कहा कि श्री पोयाम का सरल एवं सहज व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण और टीम भावना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने हमेशा सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य करते हुए प्रशासनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी शुभकामनाएं देते हैं।
अपने विदाई उद्बोधन में एडीएम विनय कुमार पोयाम ने कबीरधाम जिले में मिले सहयोग के लिए कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला प्रशासन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कबीरधाम में बिताया गया समय उनके प्रशासनिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक रहेगा और यहां के अनुभव सदैव उनके साथ रहेंगे।
विनय कुमार पोयाम ने 11 नवंबर 2024 को संयुक्त कलेक्टर के रूप में कबीरधाम जिले में कार्यभार ग्रहण किया। प्रारंभिक अवधि में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बोड़ला के रूप में सेवाएं दीं। इसके पश्चात उन्हें जिला कार्यालय में विभिन्न प्रशासनिक दायित्व सौंपे गए। बाद में वे पदोन्नत होकर अपर कलेक्टर बने तथा 22 सितंबर 2025 से अतिरिक्त कलेक्टर कबीरधाम के रूप में कार्यभार संभाला। कबीरधाम जिले में उनका कुल कार्यकाल 11 नवंबर 2024 से 10 जुलाई 2026 तक 1 वर्ष 7 माह 29 दिन रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page