सीएम हेल्पलाइन 1076 ने 24 घंटे में दिलाया न्याय, सेवक राम के बच्चों का बना जाति प्रमाण पत्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जनहितकारी पहल से लंबित समस्या का हुआ त्वरित समाधान
रायपुर, 15 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पतगवा निवासी सेवक राम के परिवार को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला, जब उनके बच्चों का लंबे समय से लंबित जाति प्रमाण पत्र शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर जारी कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सेवक राम अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। आवेदन करने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से बच्चों को शैक्षणिक सुविधाओं, शासकीय योजनाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार प्रयासों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर उनके बच्चों का जाति प्रमाण पत्र स्वीकृत कर जारी कर दिया।
समस्या के त्वरित समाधान से सेवक राम और उनका परिवार बेहद खुश है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वर्षों से लंबित कार्य इतनी जल्दी पूरा हो जाएगा। उनका कहना है कि पहले कई बार प्रयास करने के बावजूद काम नहीं हो पाया था, लेकिन सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करने के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए समयबद्ध राहत प्रदान की।
राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सीएम हेल्पलाइन 1076 अब केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के प्रभावी समाधान और सुशासन का मजबूत माध्यम बनकर जनता का विश्वास जीत रही है।
