बैंकॉक में एचएनएलयू रायपुर की बड़ी उपलब्धि, 20 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ हुआ ऐतिहासिक समझौता

वैश्विक अनुसंधान, नवाचार और छात्र-शिक्षक विनिमय को मिलेगा नया आयाम

रायपुर, 15 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन के दौरान 20 अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ एक ऐतिहासिक बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्रों में वैश्विक सहयोग को नई दिशा देगा।
बैंकॉक में हुआ अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन
यह समझौता 9 और 10 जुलाई 2026 को बैंकॉक के प्रतिष्ठित आईकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित AUAP–WURI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान संपन्न हुआ। सम्मेलन का विषय “सरकार के साथ साझेदारी में विश्वविद्यालय नवाचार: नीति, तंत्र और प्रभाव” था। इसमें दुनिया भर के विश्वविद्यालयों के प्रमुखों, नीति-निर्माताओं, नवाचार विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।
एचएनएलयू के ‘R-HaS’ मॉडल की हुई सराहना
सम्मेलन में एचएनएलयू का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने विश्वविद्यालय के रिसर्च हब एंड स्पोक (R-HaS) मॉडल पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वविद्यालय की अंतर्विषयी शोध प्रणाली, बाह्य वित्तपोषित अनुसंधान परियोजनाओं और समाजोन्मुख शोध कार्यों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया, जिसे विशेषज्ञों ने सराहा।
कुलपति प्रो. विवेकानन्दन ने कहा कि यह समझौता एचएनएलयू के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान AUAP के महासचिव प्रो. डॉ. अनूप स्वरूप और कार्यकारी सचिव डॉ. सुपापोर्न चुआंगचिद के साथ संयुक्त अनुसंधान, संकाय एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों तथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई।
इन क्षेत्रों में होगा साझा सहयोग
समझौते के तहत सहभागी विश्वविद्यालय संयुक्त रूप से—
- वैश्विक महत्व की अनुसंधान एवं नवाचार परियोजनाएं संचालित करेंगे।
- संकाय, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए विनिमय कार्यक्रम चलाएंगे।
- नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देंगे।
- अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यशालाएं और केस स्टडी विकसित करेंगे।
AUAP और WURI की महत्वपूर्ण भूमिका
AUAP (Association of Universities of Asia and the Pacific) एशिया-प्रशांत क्षेत्र का प्रमुख विश्वविद्यालय संगठन है, जो उच्च शिक्षा में सहयोग, नेतृत्व विकास और अंतरराष्ट्रीयकरण को बढ़ावा देता है।
वहीं WURI (World University Rankings for Innovation) ऐसी वैश्विक रैंकिंग प्रणाली है, जो विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक प्रभाव, उद्योग सहयोग, नवाचार, उद्यमिता और नैतिक नेतृत्व जैसे मानकों पर करती है।
एचएनएलयू रायपुर ने अपने अभिनव R-HaS मॉडल, अनुभवात्मक शिक्षण और लोकनीति-आधारित अनुसंधान के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश की उच्च शिक्षा के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।



