G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKabirdham

पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित भाजपा नेताओं ने दिया पुलिस थाना के सामने धरना

पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित भाजपा नेताओं ने दिया पुलिस थाना के सामने धरना

कवर्धा : कांग्रेस के टूलकिट उजागर होने और प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के बड़े नेताओं पर कांग्रेस द्वारा मुकदमा दायर करने के विरोध में आज पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, पूर्व विधायक मोतीराम चन्द्रवंशी और अशोक साहू ने कवर्धा जिला मुख्यालय के थाना कोतवाली के सामने बैठ कर धरना दिया। इससे पूर्व बीते शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपने-अपने घरों के बाहर भूपेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था।

शनिवार को कवर्धा थाना कोतवाली के सामने हुए धरना के दौरान पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी, अभी तो कोरोना है, इसलिए हम केवल 5 लोग जिला मुख्यालय में धरना और गिरफ्तारी के लिए आये हैं, वरना आपके पुलिस और जेल में इतनी ताकत नहीं है कि हजारों लाखों कार्यकर्ताओं द्वारा गिरफ्तारी के सैलाब को रोक पाती। इसके अलावा उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भूपेश सरकार अगर पूर्व मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करना चाहती है तो उन्हें भाजपा के लोगों को भी गिरफ्तार करना पड़ेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चला चली की सरकार चल रही है और ढाई ढाई साल की सेटिंग के बाद जब यहां के नेता कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो उनके द्वारा आलाकमान में नंबर बढ़वाने के लिए ओछी हरकतें की जा रही है।

पूर्व विधायक मोतीराम चन्द्रवंशी ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम होने के बाद अब षडयंत्र पूर्वक भाजपा को बदनाम कर अपनी रोटी सेकने का काम कर रही है। प्रदेश की जनता ढाई साल के भीतर ही कांग्रेस के सरकार की सच्चाई जान चुकी है और इसलिए कांग्रेस अब नया हथकंडा अपनाकर भाजपा को बदनाम कर खुद को स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

धरना के दौरान पूर्व विधायक अशोक साहू और भाजपा जिलामहामंत्री क्रांति गुप्ता ने भी अपना विचार प्रकट करते हुए कांग्रेस और भूपेश सरकार की इस ओछी हरकत की निंदनीय क़रार दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page