गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार को मिली 3.08 करोड़ की मंजूरी
182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, किसानों को मिलेगा भरपूर लाभ
मुख्य बांध और नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण, खरीफ-रबी फसलों को मिलेगी बेहतर सिंचाई
रायपुर, 14 जुलाई। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने विकासखंड खड़गंवा स्थित गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 8 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में 182 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत राशि से गज्जूपानी जलाशय के मुख्य बांध तथा उससे जुड़ी मुख्य नहरों का जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य किया जाएगा। लंबे समय से रखरखाव की आवश्यकता महसूस कर रहे इस जलाशय के सुदृढ़ीकरण से नहरों में पानी का रिसाव और बर्बादी कम होगी तथा अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी आसानी से पहुंच सकेगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के किसानों को खरीफ और रबी दोनों सीजन की फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
राज्य शासन का मानना है कि गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार से सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और क्षेत्र के कृषि विकास को नई गति मिलेगी।


