कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है : अनुराग सिंहदेव

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष बोले- मुख्यमंत्री ने 66 प्रभावित परिवारों को तत्काल आवास दिया, नकटी में विधायक आवास का दावा पूरी तरह भ्रामक
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने आरोप लगाया कि नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पूरे मामले के तथ्य सामने आने के बाद कांग्रेस के दावे पूरी तरह निराधार साबित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने त्वरित निर्णय लेते हुए 66 कब्जाधारी परिवारों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आवास उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि वहां पहले से 1200 परिवार निवासरत हैं और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं तथा भविष्य में उन्हें आवास की रजिस्ट्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नकटी की जमीन विधायक आवास के लिए खाली कराए जाने का दावा पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने बताया कि विधायक आवास के लिए भूमि का चयन विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा अन्य सदस्यों की समिति द्वारा किया जाता है। वर्तमान में संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है और विधायक आवास निर्माण की कोई स्वीकृत योजना नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस विधायकों से कहा कि यदि उन्हें इस विषय पर आपत्ति है तो वे अपना पत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर को भेजें, क्योंकि वर्ष 2020 में इसी भूमि को सामान्य आवास के लिए गृह निर्माण मंडल को देने का प्रस्ताव तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान आया था।
सिंहदेव ने बताया कि वर्ष 2022 के पटवारी प्रतिवेदन में लगभग तीन हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का उल्लेख किया गया था, जिसके बाद भी अतिक्रमण बढ़ता गया। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने 10 हजार से लेकर 29 हजार वर्गफुट तक शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा था। उनके अनुसार यह सामान्य अतिक्रमण नहीं, बल्कि सुनियोजित कब्जा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में जनता की भावनाएं भड़काने और झूठा प्रचार करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने आवास एवं पर्यावरण मंत्री के निवास में जबरन प्रवेश करने की कोशिश भी की, जो अराजक राजनीति का उदाहरण है।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए अनुराग सिंहदेव ने कहा कि सेरीखेड़ी में 152 परिवारों को बेदखल किया गया था, जबकि नवा रायपुर के किसानों के लंबे आंदोलन के दौरान भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल का जवाब देना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी तथा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी उपस्थित रहे।



