G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जनभागीदारी अभियान-2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्ययोजना जारी

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG

खैरागढ़ : जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जनभागीदारी अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से बढ़ते हुए जनजातीय गरिमा एवं विकास का उत्सव मनाते हुए जनजातीय समुदायों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, प्रचार प्रसार करना, शिकायत का त्वरित निराकरण करना तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को सशक्त बनाना है। अभियान के अंतर्गत 18 मई से 25 मई 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्ययोजना के अनुसार 18 मई 2026 को जिला स्तर पर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिला कलेक्टर द्वारा जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर के अधिकारियों का उन्मुखीकरण करते हुए जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत की जाएगी।

19 मई से 25 मई 2026 तक संतृप्ति एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ग्राम स्तर पर प्रतिदिन संतृप्ति शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र हितग्राहियों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मातृ वंदन योजना, जनधन खाता, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

20 मई 2026 को पीएम-जनमन एवं डीए-जेगुआ अंतर्गत चयनित ग्रामों में “ग्राम संपर्क गतिविधि” आयोजित की जाएगी। इस दौरान अधिकारी, कर्मयोगी एवं गैर शासकीय संगठन गांवों में पैदल भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन करेंगे, ग्रामीणों को जागरूक करेंगे तथा जनसुनवाई की तिथि की जानकारी देंगे।

21 मई से 23 मई 2026 तक चयनित ग्रामों एवं आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई आयोजित होगी। जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निराकरण, अधिकारों के संरक्षण तथा समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिदिन गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

24 मई 2026 को अभियान अंतर्गत किए गए कार्यों का अभिलेखीकरण किया जाएगा। वहीं 25 मई 2026 को समीक्षा एवं ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनसुनवाई से संबंधित प्रगति रिपोर्ट कार्ड तैयार किए जाएंगे, जिनमें प्राप्त शिकायतें, निराकृत प्रकरण, लंबित मामले, जिम्मेदार अधिकारी एवं कार्यवाही की तिथि जैसी जानकारी शामिल होगी।

अभियान के समापन अवसर पर जिला कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास द्वारा मीडिया कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विकासखंड एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जाएगी। बैठक में आगामी रणनीति एवं अभियान की गति बनाए रखने पर चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page