हनुमान वाटिका के सामने छुरा लहराकर राहगीरों को दे रहा था धमकी, आरोपी गिरफ्तार

नंदू यादव के कब्जे से 11 इंच का धारदार छुरा बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा गया जेल
कवर्धा। शहर के हनुमान वाटिका के सामने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राहगीरों और मौके पर मौजूद लोगों को छुरे से मारने की धमकी दे रहा था, जिससे वहां भय का माहौल बन गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हनुमान वाटिका के सामने एक व्यक्ति हाथ में लोहे का धारदार छुरा लेकर हवा में लहरा रहा है और लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नंदू यादव (35 वर्ष), पिता गोवर्धन यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 10, राजमहल चौक, कवर्धा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 11 इंच लंबा लोहे का धारदार छुरा बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार रखने का लाइसेंस मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर 22 नवंबर को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला के दिशा-निर्देशन में की गई। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम नागरिकों में भय पैदा करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




