G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

तरेगांव जंगल थाने पहुंचे एसपी जितेंद्र कुमार यादव, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

तरेगांव जंगल थाने पहुंचे एसपी जितेंद्र कुमार यादव, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत थाना परिसर में एक दिन के लिए संचालित किया एसपी कार्यालय, जनप्रतिनिधियों से किया संवाद

कवर्धा। कबीरधाम जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक जनसुलभ और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव द्वारा चलाए जा रहे ‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत एसपी गुरुवार को तरेगांव जंगल थाना पहुंचे। यहां थाना परिसर में एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय संचालित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान एसपी ने थाने का निरीक्षण कर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक संग्राम सिंह सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।

ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश

थाना क्षेत्र से पहुंचे नागरिकों ने एसपी के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। एसपी ने सभी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उन्हें समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

जनप्रतिनिधियों से किया सीधा संवाद

एसपी ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। जनप्रतिनिधियों से मिले सुझावों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

साइबर ठगी से बचने दी समझाइश

एसपी ने आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

अब तक छह थानों में पहुंच चुका है अभियान

‘एक थाना–एक सप्ताह’ अभियान के तहत अब तक सहसपुर लोहारा, कुंडा, पिपरिया, पंडरिया, रेंगाखार जंगल और पांडातराई थानों में एसपी कार्यालय का संचालन किया जा चुका है। अब अभियान तरेगांव जंगल थाना पहुंचा है।

इस पहल के माध्यम से एसपी स्वयं थाना क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों, पुलिसिंग की वास्तविक स्थिति और आम नागरिकों की समस्याओं को समझ रहे हैं। कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य शिकायतों का प्रभावी निराकरण करने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page