नक्सलवाद के साये से निकलकर विकास की नई पहचान बना रहा छत्तीसगढ़, भारत मंडपम में दिखी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति

राज्य गठन के बाद पहली बार बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मना छत्तीसगढ़ राज्य दिवस, लोकनृत्यों ने मोहा दर्शकों का मन

नई दिल्ली, 20 नवंबर। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने गौर, राउत नाचा, सुआ, पंथी, करमा और गौरा-गौरी जैसे पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर सामने आई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के लिए चर्चा में रहने वाला बस्तर और छत्तीसगढ़ अब अपनी जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, लोक संस्कृति और विकास की संभावनाओं के कारण नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की झलक देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत हो रही है। यहां परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम दिखाई दे रहा है।
निवेश और रोजगार की अपार संभावनाएं
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध राज्य है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में निवेश कर प्रदेश के विकास में भागीदार बनने की अपील की। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और हथकरघा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
लोकनृत्यों ने बांधा समां
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों की लोककलाओं का प्रदर्शन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर और ढोल की थाप पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।
गौर नृत्य में बस्तर की जनजातीय परंपरा, गौरा-गौरी में लोक आस्था, भोजली में कृषि संस्कृति और राउत नाचा में पारंपरिक उत्सव की झलक देखने को मिली। वहीं सुआ नृत्य ने महिलाओं की लोक परंपराओं, पंथी नृत्य ने सतनामी समाज की आध्यात्मिक विरासत और करमा नृत्य ने प्रकृति के प्रति प्रेम को प्रदर्शित किया।
कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। इस सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक विरासत को व्यापक पहचान मिली।
चित्रकोट जलप्रपात का 3डी अनुभव बना आकर्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे।
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव मुख्यमंत्री को विशेष रूप से पसंद आया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना पर्यटन विकास की दिशा में अभिनव पहल है।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय और वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

