G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

रेवाबंध तालाब का होगा कायाकल्प, 3 करोड़ 80 लाख की लागत से बनेगी भव्य ‘कृष्ण वाटिका’

कृष्ण वाटिका से संवरेगा कवर्धा शहर, धार्मिक आस्था के साथ हरियाली और आधुनिक सुविधाओं का होगा संगम

कवर्धा। धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक आस्था की नगरी कवर्धा के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की मंशानुरूप शहर के ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण रेवाबंध तालाब का कायाकल्प करते हुए यहां 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से भव्य एवं आकर्षक ‘कृष्ण वाटिका’ विकसित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए निविदा जारी कर दी गई है। निविदा में भाग लेने की अंतिम तिथि 19 नवंबर निर्धारित की गई है।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्रमुख स्थलों के विकास, कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भव्य हनुमंत वाटिका के बाद अब रेवाबंध तालाब में कृष्ण वाटिका का निर्माण कवर्धा शहर को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

‘कृष्ण वाटिका’ में दिखेगा आस्था, प्रकृति और आधुनिकता का संगम – चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि कवर्धा केवल विकास के मामले में आगे बढ़े, ऐसा ही नहीं बल्कि शहर की पहचान उसकी धार्मिक आस्था, संस्कृति, हरियाली और सुंदरता से भी होनी चाहिए। इसी सोच के साथ रेवाबंध तालाब का कायाकल्प कर इसे एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

कृष्ण वाटिका को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के साथ यहां हरियाली, सुंदर पाथवे, पुष्प सज्जा, बैठने की व्यवस्था, आकर्षक विद्युत प्रकाश, बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम सहित नागरिकों के उपयोग की आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यह वाटिका शहरवासियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी।

सुबह-शाम स्वास्थ्य और सुकून का केंद्र बनेगा रेवाबंध तालाब
कृष्ण वाटिका को केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। सुबह और शाम शहरवासी यहां टहलने, बैठने और प्रकृति के बीच समय बिताने का आनंद ले सकेंगे। हरियाली से भरपूर वातावरण वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मिलेगी नई मजबूती
कवर्धा की पहचान धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में प्रदेशभर में है। भोरमदेव मंदिर, बूढ़ामहादेव सहित अनेक धार्मिक स्थलों से जुड़ी आस्था को देखते हुए रेवाबंध तालाब में भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर विकसित होने वाली यह वाटिका शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती प्रदान करेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि कवर्धा की पहचान केवल एक सुंदर शहर के रूप में नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े शहर के रूप में भी होनी चाहिए। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसे सुंदर और व्यवस्थित स्थान मिलें, जहां वे परिवार के साथ सुकून के पल बिता सकें।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मंशा के अनुरूप लगातार हो रहा शहर का विकास
उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा द्वारा कवर्धा शहर के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उनकी मंशा के अनुरूप नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

हनुमंत वाटिका के बाद अब 3 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से रेवाबंध तालाब में कृष्ण वाटिका का विकास इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। निविदा जारी होने के साथ ही इस परियोजना की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। 19 नवंबर निविदा में भाग लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर रेवाबंध तालाब कवर्धा शहर के प्रमुख आकर्षण और नागरिकों के लिए मनोरंजन एवं सुकून के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page