कबीरधाम पुलिस के पांच अधिकारी-कर्मचारी बने ‘कॉप ऑफ द मंथ’, उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए एसपी ने किया चयन

कबीरधाम पुलिस में “COP OF THE MONTH” अक्टूबर माह के तहत 05 अधिकारी-कर्मचारी चयनित।
अपराधों की विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर चोरी की संपत्ति बरामदगी, साइबर अपराधों के खुलासे, आदतन बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही और संकट की घड़ी में व्यक्ति की जान बचाने तक उत्कृष्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन।

कबीरधाम जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों में बेहतर कार्य करने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देने तथा उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) द्वारा प्रारंभ की गई पहल “COP OF THE MONTH” के तहत अक्टूबर 2026 माह के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 05 अधिकारी-कर्मचारियों का चयन किया गया है।
अक्टूबर माह में अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य एवं बेहतर परिणाम देने वाले थाना कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा, साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना कवर्धा पैंथर-2 के आरक्षक क्रमांक 20 राजेन्द्र सिन्हा तथा साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 650 पूरन डाहिरे एवं आरक्षक क्रमांक 374 अमित ठाकुर को “COP OF THE MONTH” के लिए चयनित किया गया है।
अपराधों के निराकरण, गुम इंसानों की दस्तयाबी एवं आदतन बदमाशों पर प्रभावी कार्यवाही में निरीक्षक लालजी सिन्हा का उत्कृष्ट योगदान
थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा द्वारा थाना प्रभारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय कार्य किया गया। इनके द्वारा कुल 197 अभियोग पत्र तैयार किए गए तथा 30 गुम इंसानों की दस्तयाबी की गई। इसके अतिरिक्त 490 लोकल शिकायतों एवं 82 सदरी शिकायतों का निराकरण किया गया।
इसी प्रकार क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 35 आदतन बदमाशों के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) एवं 129 बी.एन.एस. के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। इनमें से 19 आदतन बदमाशों को जेल भेजने की कार्यवाही की गई। अपराधों के निराकरण, शिकायतों के त्वरित समाधान एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही में उनके उल्लेखनीय योगदान के आधार पर निरीक्षक लालजी सिन्हा का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।
साइबर अपराधों के आरोपियों की दीगर राज्यों से गिरफ्तारी एवं एन.डी.पी.एस. प्रकरणों में प्रभावी विवेचना में निरीक्षक उमाशंकर राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका
साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर द्वारा साइबर अपराधों की विवेचना में तकनीकी दक्षता एवं सक्रियता का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण कार्य किया गया। इनके द्वारा साइबर थाना के अपराध क्रमांक 02/2026, 04/2026 एवं 05/2026, धारा 318(4), 319(2) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट तथा अपराध क्रमांक 13/2026, 16/2026 एवं 18/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें दीगर राज्यों से गिरफ्तार कराने में सराहनीय योगदान दिया गया।
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी एवं झपटमारी के प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों की पहचान करने तथा चोरी एवं झपटमारी की संपत्ति बरामद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इसी क्रम में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अपराध क्रमांक 30/2026, धारा 20(बी)(ii)(बी) एवं अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) के प्रकरणों में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना की गई, जिसके परिणामस्वरूप माननीय विशेष न्यायालय द्वारा संबंधित आरोपियों को दोषसिद्ध पाते हुए सजा से दंडित किया गया। साइबर अपराधों के खुलासे, चोरी की संपत्ति की बरामदगी एवं एनडीपीएस प्रकरणों में प्रभावी विवेचना के लिए निरीक्षक उमाशंकर राठौर का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।
सूझबूझ एवं तत्परता से फांसी लगाने का प्रयास कर रहे व्यक्ति की जान बचाने में आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा का सराहनीय कार्य
थाना कवर्धा पैंथर-2 में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 20 राजेन्द्र सिन्हा द्वारा दिनांक 20.10.2026 को फांसी लगाने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय दिया गया। मौके पर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण आरक्षक द्वारा दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तथा उक्त व्यक्ति को समय रहते बचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
संकट की घड़ी में बिना विलंब किए त्वरित कार्रवाई कर मानव जीवन की रक्षा करने के इस सराहनीय कार्य के आधार पर आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।
सी.सी.टी.वी. फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण से अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं चोरी के मामलों में गिरफ्तारी-बरामदगी में आरक्षक पूरन डाहिरे का उत्कृष्ट योगदान
साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 650 पूरन डाहिरे द्वारा तकनीकी दक्षता एवं सतत प्रयासों से चोरी के विभिन्न प्रकरणों के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। थाना कवर्धा के अपराध क्रमांक 456/2026 के प्रकरण में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान करने तथा उन्हें भुसावल, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कराने में सराहनीय योगदान दिया गया।
इसी प्रकार चौकी पोडी के अपराध क्रमांक 89/2026 एवं 90/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस तथा थाना सहसपुर लोहारा के अपराध क्रमांक 132/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी एवं चोरी गए मशरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
अपराधों की पतासाजी में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर परिणाम देने के लिए आरक्षक पूरन डाहिरे का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।
डकैती एवं चोरी के प्रकरणों में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए मशरूका की बरामदगी में आरक्षक अमित ठाकुर का सराहनीय योगदान
साइबर थाना के आरक्षक क्रमांक 374 अमित ठाकुर द्वारा जिले में घटित गंभीर अपराधों एवं चोरी के मामलों में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी तथा चोरी गए मशरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
इनके द्वारा थाना तरेगांव जंगल के अपराध क्रमांक 20/2026, धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्यवाही में सराहनीय भूमिका निभाई गई। इसी प्रकार थाना पंडरिया के अपराध क्रमांक 216/2026, धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के प्रकरण में अज्ञात आरोपियों की पहचान करने तथा चोरी किए गए मशरूका की बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
इसके अतिरिक्त पूर्व में भी चोरी के विभिन्न प्रकरणों में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए इनके द्वारा लगातार सराहनीय कार्य किया गया है। अपराधों के निराकरण एवं संपत्ति बरामदगी में सक्रिय योगदान के आधार पर आरक्षक अमित ठाकुर का चयन “COP OF THE MONTH” के लिए किया गया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा “COP OF THE MONTH” पहल के माध्यम से ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों को पहचान एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जो अपने कर्तव्यों का निर्वहन सक्रियता, जिम्मेदारी, तत्परता एवं बेहतर परिणामों के साथ कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण, अपराधों के त्वरित निराकरण, आम नागरिकों की सुरक्षा तथा प्रभावी, जवाबदेह एवं परिणामदायी पुलिसिंग को और अधिक मजबूत करना है।


