G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कवर्धा वनमंडल के क्षेत्रीय एवं कार्यालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का नवाचार आधारित ए.आई. प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

कवर्धा। वनमंडलाधिकारी, कवर्धा वनमंडल के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी, कवर्धा के मार्गदर्शन में कवर्धा वनमंडल के समस्त क्षेत्रीय अधिकारियों, लिपिकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों तथा वनमंडल कार्यालय के समस्त लिपिकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) एवं आधुनिक तकनीकी नवाचारों पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण मोहित बघेल, ए.आई. स्पेशलिस्ट द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीनतम डिजिटल तकनीकों एवं ए.आई. आधारित उपकरणों से परिचित कराना तथा विभागीय एवं कार्यालयीन कार्यों में नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए कार्यप्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाना था।

प्रशिक्षण के दौरान मोहित बघेल द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence-AI) की अवधारणा, कार्यप्रणाली एवं वर्तमान समय में इसकी बढ़ती उपयोगिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने ChatGPT, Google Gemini, Claude तथा NotebookLM जैसे आधुनिक ए.आई. टूल्स का परिचय देते हुए इनके व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन किया। इन टूल्स के माध्यम से शासकीय पत्रों एवं प्रतिवेदनों का प्रारूप तैयार करना, दस्तावेजों का सारांश एवं विश्लेषण, हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद, डाटा प्रबंधन, एक्सेल शीट एवं पी.पी.टी. तैयार करना, उपलब्ध दस्तावेजों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करना तथा जटिल सूचनाओं को सरल एवं सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई गई। विशेष रूप से NotebookLM के माध्यम से विभिन्न दस्तावेजों एवं संदर्भ सामग्री का विश्लेषण कर आवश्यक जानकारियां प्राप्त करने की उपयोगिता बताई गई।

इसके अतिरिक्त वन विभाग के कार्यों में ए.आई. एवं आधुनिक तकनीकी नवाचारों की संभावनाओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वन एवं वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि प्रबंधन, जैव विविधता संबंधी आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण, जी.आई.एस. आधारित मानचित्रों एवं भौगोलिक सूचनाओं का विश्लेषण, रिमोट सेंसिंग डाटा का उपयोग तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की निगरानी में इन तकनीकों की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न ए.आई. टूल्स का स्वयं व्यावहारिक उपयोग कर कार्य संपादित करने का अवसर भी प्रदान किया गया। साथ ही ए.आई. से प्राप्त जानकारी की तथ्यात्मक पुष्टि करने, शासकीय गोपनीयता एवं डाटा सुरक्षा का ध्यान रखने तथा इन तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारंपरिक कार्यप्रणाली के साथ आधुनिक तकनीकी नवाचारों का समन्वय स्थापित करने तथा दैनिक शासकीय कार्यों में ए.आई. आधारित उपकरणों के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार के नवाचार आधारित प्रशिक्षण से विभागीय कार्यों में समय एवं श्रम की बचत, डाटा विश्लेषण की गुणवत्ता, निर्णय प्रक्रिया में प्रभावशीलता तथा कार्यों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन को बढ़ावा मिलेगा। कवर्धा वनमंडल द्वारा आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को विभागीय कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page