नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में विकास को रफ्तार, बड़े बोदल सड़क का निर्माण शुरू
PMGSY-IV के तहत 1.80 किमी सड़क पर आज से मशीनों ने संभाला मोर्चा, 1.92 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

रायपुर। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर अंचल में अब बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़े बोदल में सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण एजेंसी ने मौके पर मशीनरी लगाकर काम प्रारंभ कर दिया है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत जगदलपुर विकासखंड में कुल 9 सड़कों को मंजूरी दी गई है। इनकी कुल लंबाई 33.39 किलोमीटर है। इनमें एल-139 यानी सुरनदवाड़ा रोड से बड़े बोदल तक बनने वाली सड़क भी शामिल है। इस मार्ग की लंबाई 1.80 किलोमीटर है और इसके निर्माण के लिए करीब 192.06 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
ग्रामीणों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा
सड़क बनने से बड़े बोदल सहित आसपास की दूरस्थ बसाहटों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सहूलियत होगी। ग्रामीणों का आवागमन भी पहले की तुलना में आसान होगा।
अंतिम छोर के गांवों तक पहुंचेंगी बुनियादी सुविधाएं
नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शासन की प्राथमिकता में शामिल है। दूरस्थ और सड़क संपर्क से वंचित गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। बड़े बोदल में सड़क निर्माण की शुरुआत को इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।



