अर्बन चैलेंज फंड पर 21 अक्टूबर को कार्यशाला, शहरों के विकास और निवेश पर होगा मंथन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे शामिल
अभिनव पहल, रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास, अधोसंरचना और निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर को नवा रायपुर में अर्बन चैलेंज फंड (UCF) पर क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा हुडको के संयुक्त आयोजन में होने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शहरी अधोसंरचना और निवेश पर होगा मंथन
कार्यशाला में अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो के माध्यम से शहरों के विकास को गति देने पर चर्चा होगी। इसमें नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी नगरीय निकायों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, निवेश आकर्षित करने, परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन और नवाचार आधारित विकास मॉडल पर विचार साझा करेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य शहरों में विकास कार्यों के लिए नए अवसर तलाशना, निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना और सुनियोजित शहरी विस्तार की रणनीति विकसित करना है। इससे नगरीय निकायों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और शहरी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
वरिष्ठ अधिकारी रखेंगे विचार
हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ कार्यशाला में उद्घाटन संबोधन देंगे। वहीं, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की भागीदारी से छत्तीसगढ़ के शहरों के लिए दीर्घकालिक विकास योजनाओं, वित्तीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और निवेश आधारित परियोजनाओं पर चर्चा होगी।
आधुनिक और टिकाऊ शहरों की दिशा में पहल
इस क्षेत्रीय कार्यशाला को प्रदेश में शहरी विकास की भावी रूपरेखा तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके माध्यम से शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, विकास परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने और समावेशी एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने के अवसर तलाशे जाएंगे।


