G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

करोड़ों की गांजा तस्करी का फरार मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

927.645 किलो गांजा और कंटेनर समेत 4.93 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, चिल्फी पुलिस की कार्रवाई

कवर्धा। कबीरधाम जिले में 927.645 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी घनश्याम गुर्जर को चिल्फी पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 63 लाख रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर की कीमत करीब 30 लाख रुपये है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के पर्यवेक्षण में चिल्फी पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।

कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाया था गांजा

पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चिल्फी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर की तलाशी ली। इस दौरान वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से 890 पैकेटों में रखा कुल 927.645 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने गांजे के साथ करीब 30 लाख रुपये कीमत का कंटेनर भी जब्त किया था। मामले में थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) एवं 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पूछताछ और साक्ष्यों से सामने आया नाम

विवेचना के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान निवासी घनश्याम गुर्जर की कथित संलिप्तता सामने आई। घटना के बाद से वह फरार था। उसकी तलाश में पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी सहायता से पतासाजी की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 9 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे कबीरधाम लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया।

12 अक्टूबर को न्यायालय में पेश

कबीरधाम लाने के बाद चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ टीम ने आरोपी से पूछताछ की तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना पुलिस, एएनटीएफ टीम कबीरधाम और थाना चिल्फी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस की अपील

कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचित करें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page