मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने किया पैदल मार्च, गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित

महिलाओं की समस्याएं सुनकर सुरक्षा, स्वावलंबन और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। शारदीय नवरात्र के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम ने पीएसी बल के साथ पैदल मार्च किया। साथ ही आरिपुर और सोनौरा गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा व स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति या परेशानी के दौरान घबराने के बजाय पुलिस और शासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों की मदद लेनी चाहिए। टीम ने विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने, सतर्क रहने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी।
महिलाओं को निडर होकर आगे आने का संदेश
सम्मेलन के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। मिशन शक्ति प्रभारी ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और विपरीत परिस्थितियों में निडर होकर सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक करना रहा।
इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता सहित महिला कांस्टेबल और मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


