कुकदुर की युवती ने परिजनों को दी अपने ठिकाने की जानकारी, भ्रामक खबरों का पुलिस ने किया खंडन
कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती के लापता होने और पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित खबरों का पुलिस ने खंडन किया है। पुलिस के अनुसार, युवती से फोन और वीडियो कॉल के जरिए परिजनों की बातचीत कराई गई, जिसमें उसने अपनी इच्छा से घर छोड़ने और बालिग होने की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलते ही कुकदुर थाना पुलिस ने परिजनों से आवश्यक दस्तावेज मंगवाए और युवती के संबंध में पतासाजी की। इसके बाद युवती से संपर्क कर उसके परिजनों की बातचीत कराई गई।
युवती ने बताई पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, युवती ने परिजनों को बताया कि वह वर्तमान में कहां है, किस स्थान पर काम कर रही है, उसका मोबाइल नंबर क्या है और वह किसके साथ घर से निकली थी। उसने अपनी उम्र से संबंधित जानकारी और प्रमाण भी प्रस्तुत किए। पुलिस का कहना है कि युवती ने किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की बात नहीं कही है।
तथ्यों की पुष्टि के बाद खबर प्रसारित करने की अपील
कबीरधाम पुलिस ने आमजन, सोशल मीडिया प्रतिनिधियों और पोर्टल संचालकों से अपील की है कि किसी भी घटना के संबंध में तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें प्रसारित न करें। पुलिस ने सही और प्रमाणित जानकारी के आधार पर ही समाचार साझा करने की अपील की है।

