रामपुर आश्रम में स्वच्छता अभियान, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया श्रमदान

मारकंडी नदी घाट, प्राकृतिक जलकुंड और मंदिर परिसर की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
रायपुर। बस्तर जिले के ग्राम पंचायत चपका स्थित रामपुर आश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन मंत्री केदार कश्यप ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस दौरान ऐतिहासिक मंदिर परिसर, मारकंडी नदी घाट और प्राकृतिक जलकुंड की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर, नदी घाट और जलकुंड के आसपास फैले कचरे, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को हटाया। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने नदी, प्राकृतिक जलकुंड और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, प्लास्टिक कचरे का उचित निपटान करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, पंचायत प्रतिनिधि, स्वच्छ भारत मिशन की टीम और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। जनभागीदारी से आयोजित इस अभियान ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


