कला और कल्पनाशीलता से युवाओं ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

वन्यजीव सप्ताह का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थी हुए सम्मानित
रायपुर। वन्यजीव सप्ताह के समापन अवसर पर नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में आयोजित समारोह में कला और ज्ञान आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और रायपुर वनमंडल द्वारा कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह एवं प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया गया। ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने कागज की आकृतियां और घोंसलों के प्रतिरूप बनाने, बीजगोलक (सीड बॉल) तैयार करने, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और पर्यावरण संतुलन के महत्व से परिचित कराया गया।
शॉर्ट फिल्म में देवेश मिंज प्रथम
शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने प्रथम, सिद्धांत नागपुरे ने द्वितीय और वर्षा साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपरवारा की शैल्या साहू द्वितीय और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं और रचनात्मक गतिविधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने, जैव विविधता के महत्व को समझने और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की रक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।


