G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BIG NewsChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

कवर्धा में 54 करोड़ से बनेगी 7.8 किमी फोरलेन सड़क, दोनों छोर पर बनेंगे भव्य प्रवेश द्वार

कवर्धा। शहर के प्रवेश मार्ग अब नए स्वरूप में नजर आएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चंद्रयान हॉस्पिटल से जोराताल के आगे तक 7.8 किमी सड़क को 54 करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन बनाया जाएगा। सड़क के बीच डिवाइडर के साथ रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर दो भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। प्रवेश द्वारों के डिजाइन में कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।

नया मंडी परिसर में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर करीब तीन-तीन किलोमीटर सड़क का विकास होगा।

शहर और आसपास के निकायों को भी मिली सौगात
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपए, बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ और पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा की गई।

140 करोड़ के काम स्वीकृत
विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर विकास और पर्यटन से जुड़े काम शामिल हैं। शहर में 4.5 करोड़ रुपए से नालंदा परिसर का निर्माण हो रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपए से घोटिया रोड का निर्माण किया गया है। भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

‘जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च हो रहा’
अरुण साव ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं है। जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले प्रवेश द्वार शहर की पहचान के साथ विकास के द्वार भी होंगे। फोरलेन बनने से शहर का स्वरूप बदलने के साथ आवागमन भी सुविधाजनक होगा। कार्यक्रम में कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसपी जितेंद्र कुमार यादव, डीएफओ निखिल अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page