सूने मकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर बरामद

दामापुर पुलिस और साइबर टीम ने किया चोरी का खुलासा, करीब 1.45 लाख रुपए के आभूषण चोरी हुए थे

कवर्धा/कुंडा। दामापुर चौकी पुलिस और साइबर थाना की टीम ने सूने मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.45 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार दामापुर क्षेत्र निवासी चंदूलाल साहू (58) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त से 30 अगस्त 2026 के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर में रखे संदूक का कुंदा तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के बाद चौकी दामापुर में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संदेही से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में ग्राम कुआमालगी निवासी राजेश धुर्वे (35) की संलिप्तता हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और चोरी के जेवर अपने घर में छिपाकर रखना बताया।
घर से जेवर बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की पत्ती 4 नग, चांदी का लच्छा 2 नग, पायल 2 नग और करधन 1 नग बरामद कर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी राजेश धुर्वे को 13 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में विवेचना जारी है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी दामापुर उप निरीक्षक रोशन टोंडे, आरक्षक हेमंत चंद्रवंशी तथा साइबर थाना टीम के आरक्षक गज्जू राजपूत, अमित ठाकुर और पूरन दाहिरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक सूना छोड़ने से पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

