ग्रामीण सड़कों पर ओवरलोड वाहन मिले तो होगी कार्रवाई,

राजस्व-खनिज-परिवहन विभाग करेगा संयुक्त जांच
कवर्धा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत बनी ग्रामीण सड़कों पर निर्धारित क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन और अवैध मुरूम परिवहन के मामलों को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राजस्व, खनिज और परिवहन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
समय-सीमा की बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि जिले में योजना के तहत निर्मित सड़कों पर ओवरलोड वाहनों के चलने के साथ अवैध रूप से मुरूम उत्खनन कर परिवहन किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। लगातार भारी वाहनों के आवागमन और अवैध खनिज परिवहन से ग्रामीण सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
कलेक्टर ने कहा कि सरकारी राशि से निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और उपयोगिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने एसडीएम, जिला खनिज अधिकारी और जिला परिवहन अधिकारी को क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने तथा ओवरलोड वाहनों एवं अवैध खनिज उत्खनन-परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से सूचना देने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन-परिवहन या निर्धारित क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के संचालन की जानकारी मिलने पर तत्काल राजस्व, खनिज अथवा परिवहन विभाग के अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

