ई-ऑफिस और समयबद्ध उपस्थिति में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

मुख्य सचिव विकासशील ने जुलाई की रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को दिए प्रशंसा पत्र, विभागाध्यक्ष और जिला कार्यालय भी सम्मानित
रायपुर, 1 सितंबर। मंत्रालय महानदी भवन में मंगलवार को आयोजित मासिक सम्मान कार्यक्रम में ई-ऑफिस के जरिए नस्तियों के त्वरित निराकरण और कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य सचिव विकासशील ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। जुलाई माह की रैंकिंग के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
ई-ऑफिस में विभागीय रैंकिंग में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने पहला, आदिम जाति विकास विभाग ने दूसरा और ग्रामोद्योग विभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं तीन माह की ई-ऑफिस रैंकिंग में आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत प्रथम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव सच्चिदानंद आलोक द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन तृतीय रहीं।
हर माह 3-4 आई-गाट कोर्स करने की सलाह
मुख्य सचिव ने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि ई-ऑफिस में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आई-गाट पर हर माह कम से कम 3 से 4 कोर्स विभागीय आवश्यकता के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। आई-गाट में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशंसा पत्र दिए गए।
ई-ऑफिस रैंकिंग में ये रहे आगे
संयुक्त सचिव से कनिष्ठ सचिवालय सहायक स्तर की रैंकिंग में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव सच्चिदानंद आलोक प्रथम, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की संयुक्त सचिव जयश्री जैन द्वितीय और आदिम जाति विकास विभाग के संयुक्त सचिव भूपेन्द्र कुमार राजपूत तृतीय रहे।
उप सचिव स्तर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के दूरदेशी राम सोन्टापर प्रथम, श्रम विभाग के विपुल कुमार गुप्ता द्वितीय और सामान्य प्रशासन विभाग की ऋतु वर्मा तृतीय रहीं।
अवर सचिव स्तर पर गृह विभाग के पूरन लाल साहू प्रथम, सामान्य प्रशासन विभाग के कैलाश कुमार नेताम द्वितीय और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की दिव्या वैष्णव तृतीय रहीं।
अनुभाग अधिकारी स्तर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वीरेन्द्र कुमार प्रथम, जीवन लाल नेताम द्वितीय और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के योगेन्द्र कुमार साहू तृतीय रहे।
सहायक अनुभाग अधिकारी स्तर पर खाद्य विभाग के मोहम्मद शाहिर अंसारी प्रथम, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रिया बागड़े द्वितीय और सामान्य प्रशासन विभाग के जलेश राम तृतीय रहे।
तीन माह की अटेंडेंस रैंकिंग में भी सम्मान
तीन माह की अटेंडेंस रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग के सहायक अनुभाग अधिकारी लोक नारायण शर्मा प्रथम, सामान्य प्रशासन विभाग के भृत्य राज कुमार सोरी द्वितीय और वरिष्ठ सचिवालय सहायक मेलू राम ध्रुव तृतीय रहे।
तीन माह की विभागीय रैंकिंग में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग प्रथम, गृह विभाग द्वितीय और वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तृतीय स्थान पर रहा।
विभागाध्यक्ष और जिला कार्यालय भी सम्मानित
ई-ऑफिस विभागाध्यक्ष रैंकिंग में उच्च शिक्षा विभाग की आयुक्त रीता यादव प्रथम, आदिम जाति विकास विभाग के आयुक्त डी. राहुल वेंकट द्वितीय और उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक जॉन तिग्गा तृतीय रहे।
जिला कार्यालयों की ई-ऑफिस रैंकिंग में रायपुर की सहायक परियोजना अधिकारी अनिता जैन प्रथम, सक्ती की सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर नंदनी सोनी द्वितीय और रायपुर के नोडल अधिकारी पंकज कुमार शर्मा तृतीय रहे। सक्ती के ई-जिला तकनीकी प्रबंधक तुलसी देवांगन चौथे और कबीरधाम के अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ध्रुवे पांचवें स्थान पर रहे।
आई-गाट रैंकिंग में बिलासपुर आयुक्त कार्यालय के चौकीदार गौतम कुमार देवांगन प्रथम, बलौदाबाजार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के व्याख्याता प्रेम नारायण नायक द्वितीय और बालोद पुलिस के आरक्षक दिनेश कुमार तृतीय रहे।
मासिक सम्मान कार्यक्रम के जरिए शासन ने ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग, समयबद्ध कार्य निष्पादन, नियमित उपस्थिति और डिजिटल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।

