जामबहार में 3.40 करोड़ से बनेगा नया बिजली सबस्टेशन, 4500 से ज्यादा उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

33/11 केवी का 5 एमवीए क्षमता का सबस्टेशन बनेगा, शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति होगी बेहतर

कोरबा। बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में 3.40 करोड़ रुपए की लागत से 33/11 केवी, 5 एमवीए क्षमता का नया विद्युत सबस्टेशन बनाया जाएगा। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंगलवार को सबस्टेशन का भूमिपूजन किया। इसके शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होगी और आसपास के सबस्टेशनों पर लोड भी कम होगा।
4500 से ज्यादा उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
नए सबस्टेशन से कोरबा शहरी क्षेत्र के रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुधरेगी। ग्रामीण क्षेत्र के जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया के उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा। योजना से 4500 से अधिक उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे।
बिजली व्यवस्था होगी ज्यादा भरोसेमंद
मंत्री देवांगन ने कहा कि नए सबस्टेशन से बिजली वितरण व्यवस्था मजबूत होगी। इससे स्थानीय स्तर पर वोल्टेज और आपूर्ति संबंधी समस्याओं में कमी आएगी तथा आसपास के सबस्टेशनों पर निर्भरता और दबाव कम होगा।
उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा हर घर तक बेहतर और पर्याप्त बिजली पहुंचाने की है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनप्रतिनिधि रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर सहित बिजली विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


