नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में 40 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा

चॉकलेट देने के बहाने दुकान में बुलाने का आरोप; महिला थाना पुलिस ने जांच के बाद की कार्रवाई
कवर्धा। नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में महिला थाना पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चॉकलेट देने के बहाने बालिका को दुकान के अंदर बुलाकर उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे नाबालिग बालिका अपनी सहेलियों को बुलाने घर से निकली थी। इसी दौरान संतोष उर्फ बंटी मल्लाह ने कथित तौर पर चॉकलेट देने के बहाने उसे दुकान के अंदर बुलाया। आरोप है कि आरोपी ने बालिका को आपत्तिजनक तरीके से स्पर्श किया। बालिका के चिल्लाने और आरोपी को धक्का देने के बाद वह वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज
24 अगस्त को पीड़िता की मां ने महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज कर धारा 74, 75(2), 115(2) बीएनएस और धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम किया और जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और प्रार्थिया के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी संतोष उर्फ बंटी मल्लाह (40), पिता भगेला मल्लाह, निवासी कवर्धा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रमिला मंडावी के दिशा-निर्देशन में महिला थाना प्रभारी और टीम द्वारा की गई।

