कवर्धा विधानसभा के 171 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान, हौसलों को मिलेगी नई उड़ान

25 अगस्त को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में होगा सम्मान समारोह; 10वीं के मेधावियों को ₹5 हजार और 12वीं के विद्यार्थियों को ₹10 हजार की प्रोत्साहन राशि

कवर्धा। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक विजय शर्मा की पहल पर 25 अगस्त को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, कवर्धा में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले 171 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक विजय शर्मा स्वयं मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के चेक और प्रतीक चिन्ह प्रदान करेंगे। कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपए, जबकि कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपए की राशि दी जाएगी।
विद्यार्थियों के साथ प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष भी होंगे सम्मानित
समारोह की खास बात यह होगी कि केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि उनकी सफलता में योगदान देने वाले विद्यालयों के प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार, शिक्षकों और विद्यालयों के योगदान को भी सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक विजय शर्मा की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को पहचान देना तथा उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करना है। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
कवर्धा विकासखंड के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
कवर्धा विकासखंड में कक्षा 12वीं के क्रिश्लय मिश्रा ने 93.20 प्रतिशत, जागृति साहू ने 92.80 प्रतिशत, राकेश जांगड़े और खेमलाल ने 92.20 प्रतिशत तथा विद्यांशु चन्द्रवंशी ने 91.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
वहीं कक्षा 10वीं में रिया केशरवानी ने 98.83 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अशफिया खान ने 96.67 प्रतिशत, गिनम ठाकुर/नितेश ठाकुर ने 96 प्रतिशत, घनश्याम साहू और विनय कुमार बंजारे ने 95.83 प्रतिशत तथा सुभाष देवांगन ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं।
बोड़ला के मेधावियों ने भी बढ़ाया क्षेत्र का मान
बोड़ला विकासखंड में कक्षा 12वीं के अमन ने 91 प्रतिशत, ज्योति महोबिया ने 90.60 प्रतिशत, राधिका साहू ने 90.40 प्रतिशत और आयुष पटेल ने 90 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
कक्षा 10वीं में भूमिका साहू ने 96.50 प्रतिशत, एक विद्यार्थी ने 96 प्रतिशत, नूतन कुमार ने 95 प्रतिशत और श्रीवास ने 94.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। गगन कुमार बिसेन और करण साहू ने 93.50 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं सूरज शवहित ने 94.17 प्रतिशत और ललता भारती ने 92.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
सहसपुर लोहारा के विद्यार्थियों ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
सहसपुर लोहारा विकासखंड में कक्षा 12वीं के निखिल ने 94.60 प्रतिशत, खिलेश ने 93 प्रतिशत और यामिनी ने 90.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। कक्षा 10वीं में रिया मिश्रा ने 94.67 प्रतिशत, अवनी पाण्डेय ने 94.50 प्रतिशत, महालक्ष्मी ने 94 प्रतिशत और आरूषी अग्रवाल ने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
मेहनत को मिलेगा सम्मान, दूसरे विद्यार्थियों को मिलेगी प्रेरणा
सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह और प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का सम्मान किया जाएगा। विधायक की इस पहल से मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन मिलने के साथ अन्य छात्र-छात्राओं में भी बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होने की उम्मीद है।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थी अपने विद्यालय, परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय हैं। उनकी उपलब्धियां दूसरे विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में नए लक्ष्य तय करने और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करेंगी।



