137वीं जयंती पर ई. राघवेंद्र राव स्मृति निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 500 मरीजों ने उठाया लाभ

ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार यदु हुए सम्मानित
बिलासपुर। प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती के अवसर पर सखी निवास, साइंस कॉलेज बिलासपुर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व महापौर वीणा राव के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित 500 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के नीति आयोग के उपाध्यक्ष जी.एस. मिश्रा ने ध्वजारोहण, वंदे मातरम् एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की स्मृतियों को स्थायी स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली खंडेलवाल ने कहा कि जयंती के अवसर पर आयोजित यह चिकित्सा शिविर समाज सेवा का अनुकरणीय प्रयास है। शिविर में पैथोलॉजी, मेडिसिन, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, स्त्री रोग, चर्म रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), मानसिक रोग एवं नेत्र रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर नगर निगम बिलासपुर, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश बाजपेयी, कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर चिकित्सा शिविर में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस दौरान ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नरेश कुमार यदु, जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम के जिलाध्यक्ष भी हैं, को चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल तिवारी ने किया। कबीरधाम से डॉ. नरेश कुमार यदु के साथ नरोत्तम महोबिया, महेश महोबिया, सियाराम महोबिया, तरुण शेखर अवस्थी, दीपराम वर्मा, कैलाश ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम जिला की ओर से सफल आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया।


