भोरमदेव पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान, जिला पंचायत सामान्य सभा में तैयारियों की समीक्षा

कवर्धा, 2 अगस्त। सावन के प्रथम सोमवार 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ऐतिहासिक भोरमदेव पदयात्रा को लेकर जिला पंचायत की सामान्य सभा में व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित पदयात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। बैठक में महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, समाज कल्याण तथा जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि 3 अगस्त को सुबह 7 बजे बूढ़ा महादेव मंदिर से विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मार्ग में चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वल्पाहार, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से श्रद्धा भाव के साथ पदयात्रा में शामिल होकर बाबा भोरमदेव के दर्शन का लाभ लेने की अपील की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी की उपस्थिति में आयोजित बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, पूरक पोषण आहार और शाला पूर्व शिक्षा जैसी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। विभाग ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मिशन वात्सल्य की प्रगति की जानकारी भी दी।
बैठक में बताया गया कि महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 2 लाख 50 हजार 751 महिलाओं को लाभ मिल रहा है। अब तक 29 किश्तों में 680.25 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में सीधे अंतरित किए जा चुके हैं।
जल संसाधन विभाग ने जानकारी दी कि जिले के प्रमुख जलाशयों में इस वर्ष पर्याप्त जलभराव है। बैराखार जलाशय से पानी छोड़े जाने, सरोधा जलाशय से सिंचाई एवं निस्तारी के लिए जल उपलब्ध कराने तथा वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 13 सिंचाई एवं जल संरक्षण कार्यों की प्रगति से सदन को अवगत कराया गया। विकसित भारत जी-राम-जी योजना के अंतर्गत नहर लाइनिंग एवं अन्य सिंचाई कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
उप संचालक पंचायत राज तिवारी ने जिला पंचायत विकास योजना 2026-27 की जानकारी देते हुए बताया कि 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नौ प्रमुख विषयों पर कार्यों का चयन किया जाएगा। इनमें गरीबी मुक्त पंचायत, स्वस्थ ग्राम, बाल हितैषी पंचायत, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, आत्मनिर्भर आधारभूत संरचना, सामाजिक न्याय, सुशासन और महिला हितैषी पंचायत शामिल हैं।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, खाद-बीज भंडारण एवं वितरण सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सदस्यों द्वारा उठाए गए विषयों का समय-सीमा में निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
स्थायी समिति में आय-व्यय और समाज कल्याण योजनाओं की समीक्षा
सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक में जिला पंचायत के त्रैमासिक आय-व्यय तथा समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में पंचायत निधि से किए जा रहे कार्यों का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि जिले में संचालित सात पेंशन योजनाओं के तहत 84 हजार 114 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। जून माह तक विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 1.43 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा चुकी है। बैठक में निःशक्त छात्रवृत्ति, निःशक्त विवाह योजना, कृत्रिम अंग सहायता योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।


