G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhDhamtariINDIARaipurखास-खबर

आमदी में अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी शुरू, गांव और शहर के युवाओं के बीच अवसरों की दूरी होगी कम : टंक राम वर्मा

रायपुर/धमतरी। धमतरी जिले की नगर पंचायत आमदी में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण शुक्रवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा और तकनीकी संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित कर यह ई-लाइब्रेरी गांव और शहर के युवाओं के बीच अवसरों की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास और डिजिटल सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल भवन बनाना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी से ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा मिलेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन की आवश्यकता कम होगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं

आमदी की ई-लाइब्रेरी में हाई-स्पीड इंटरनेट, आधुनिक कंप्यूटर, हजारों ई-बुक्स, ई-जर्नल्स और डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी। यहां संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), सीजीपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग सहित विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को शांत और तकनीकी रूप से सुसज्जित अध्ययन वातावरण मिलेगा।

ग्राम पंचायतों तक होगा विस्तार

मंत्री ने बताया कि धमतरी जिले की लगभग सभी नगर पंचायतों में पुस्तकालय सुविधा विकसित की जा चुकी है। अब मेघा, सांकरा और बेलरगांव की तर्ज पर अन्य ग्राम पंचायतों तक भी पुस्तकालयों का विस्तार किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययन की संस्कृति को और मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने ई-लाइब्रेरी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में ही आधुनिक डिजिटल अध्ययन सुविधा मिलने से उन्हें बड़ा लाभ मिलेगा। लोकार्पण समारोह में धमतरी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, नगर पंचायत आमदी के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page