G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhDhamtariINDIARaipurखास-खबर

शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, शिक्षा से सशक्त राष्ट्र निर्माण का संदेश

रायपुर/धमतरी, 30 जुलाई 2026। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर धमतरी के मराठा मंगल भवन में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश वितरित किए तथा सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं। दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक किट भी वितरित की गई, जबकि शिक्षा, खेल, संस्कृति और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की महानता उसकी सोच और उद्देश्य से तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित न रहकर ज्ञान, संस्कार और समाज सेवा की भावना विकसित करने का आग्रह किया।

मंत्री वर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और बच्चों के साथ बैठकर ‘न्योता भोजन’ में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार डिजिटल शिक्षा, मजबूत शैक्षणिक अधोसंरचना, छात्रवृत्ति और पारदर्शी योजनाओं के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा आर्थिक या सामाजिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिले में विकसित की जा रही शैक्षणिक अधोसंरचना, नवाचारों और समावेशी शिक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी ने विभागीय उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, पूर्व विधायक रंजना साहू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page