कबीरधाम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला हेमसागर सिदार ने

कवर्धा, 31 जुलाई। जिला बलौदाबाजार से स्थानांतरित होकर आए हेमसागर सिदार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कबीरधाम का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) से सौजन्य भेंट की। इस दौरान एसपी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा जिले की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

कार्यभार संभालने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिदार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य लिपिक, वेतन, स्टोर, एसआरसी, रीडर, डीसीबी, डीसीआरबी तथा आवक-जावक शाखा का भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और शाखाओं के कार्यों की जानकारी ली।
इस अवसर पर श्री सिदार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, समन्वय और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कबीरधाम पुलिस परिवार ने उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

