गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना

गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना
भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली का मांगा आशीर्वाद
रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को शांति और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण एवं विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।
इस अवसर पर रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


