भारतमाला सड़क समेत निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा

भारतमाला सड़क समेत निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा
रायपुर, 26 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारतमाला परियोजना सहित प्रदेश में विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि उद्घाटन से पहले ही भारतमाला सड़क में दरारें पड़ना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान जनसुविधाओं के बजाय कमीशनखोरी पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि मुंगेली जिले के अमर टापू धाम में लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल का स्लैब पहली ढलाई में ही गिर गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता और विभागीय निगरानी की पोल खुल गई।
उन्होंने गरियाबंद जिले के कोसुमबूड़ा पुल के तेज बहाव में टूटने तथा सूरजपुर जिले के सुखदेवपुर नाला में टूटी पुलिया और अधूरे रपटे के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को हो रही परेशानियों का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि कई क्षेत्रों में लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग में टेंडर प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी कर अपात्र ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया गया। पार्टी का दावा है कि प्रदेश में थोड़ी सी बारिश में सड़कें और कॉलोनियां जलमग्न हो रही हैं तथा कई निर्माणाधीन पुलों और पुलियों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा में रेलवे द्वारा निर्मित लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत वाले ओवरब्रिज में लोकार्पण के एक माह के भीतर दरारें आने का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं और आम जनता की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस ने मांग की है कि निर्माण कार्यों में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
