‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नो बैग डे पर विद्यार्थियों ने किया श्रमदान, पोषण वाटिका में लगाए फलदार पौधे और सब्जियों के बीज
रायपुर, 26 जुलाई 2026। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित नो बैग डे पर सूरजपुर जिले के बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में पर्यावरण संरक्षण और पोषण संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोषण वाटिका निर्माण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने श्रमदान कर विद्यालय परिसर को हरियाली से सजाने का संकल्प लिया।
यूथ एवं इको क्लब की अगुवाई में हुआ श्रमदान
संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि यूथ एवं इको क्लब की प्रभारी श्रीमती एम. टोप्पो के नेतृत्व में क्लब अध्यक्ष वर्षा राजवाड़े सहित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। विद्यार्थियों ने पोषण वाटिका से खरपतवार हटाकर पौधों की देखभाल की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार शासकीय उद्यान दतिमा से प्राप्त पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय परिसर में नीम, पीपल, आम, पपीता, मुनगा और केला सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। साथ ही पोषण वाटिका में बरबटी, लौकी और करेला के बीज भी बोए गए।
पोषण वाटिका से विद्यार्थियों को मिल रहा पौष्टिक आहार
विद्यालय परिसर में पहले से मौजूद आम, जामुन, कटहल, अमरूद, पपीता, केला और अनानास जैसे फलदार वृक्ष विद्यार्थियों के पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत बन रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षक रिजवान अंसारी, सुमित्रा राजवाड़े, नान दईया तथा बाल कैबिनेट के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।


